

कोरिया: कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सावांरावां में जमीन बंटवारे के विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। छोटे भाई द्वारा कथित मारपीट के बाद घायल हुए बड़े भाई की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 जून 2026 को राम प्रकाश कुशवाहा ने ललित कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना थाना पटना में दी थी। इस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और शव का पोस्टमार्टम कराया।मर्ग जांच के दौरान मृतक की पत्नी गुलाबी कुशवाहा, पिता सुभाष चंद तथा माता इन्द्रवती के बयान लिए गए। जांच में सामने आया कि मृतक ललित कुशवाहा और उसका छोटा भाई शारदा कुशवाहा शराब पीने के आदी थे और दोनों के बीच जमीन के हिस्से के बंटवारे को लेकर अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी।
बताया गया कि 23 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे शारदा कुशवाहा ने अपने बड़े भाई ललित कुशवाहा के साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की थी। घटना में घायल ललित को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 25 जून 2026 की शाम करीब 6:15 बजे उसकी मौत हो गई।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मारपीट के दौरान आई चोटों के कारण ही ललित कुशवाहा की मृत्यु हुई। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी शारदा कुशवाहा (36 वर्ष), निवासी ग्राम सावांरावां, थाना पटना, जिला कोरिया के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।











