बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस अभिरक्षा से एक महिला आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में पूछताछ के लिए कोतवाली थाना लाई गई महिला पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

तीन पुलिसकर्मी निलंबित

प्रारंभिक जांच के आधार पर आरक्षक शिव कुमार ध्रुव, पूर्णिमा ठाकुर और उमेश निषाद को निलंबित किया गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ड्यूटी के दौरान बरती गई लापरवाही के कारण आरोपी महिला थाने से भागने में सफल रही।

आरोपी की तलाश में पुलिस का सर्च अभियान

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि चोरी के मामले में आरोपी रेखा सोरी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर कोतवाली थाना परिसर से फरार हो गई। घटना के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

फरारी का अलग मामला भी दर्ज

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ फरार होने के संबंध में अलग से मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि उसकी तलाश तेजी से जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। साथ ही पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच भी जारी है, ताकि लापरवाही की पूरी जिम्मेदारी तय की जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!