कोरिया: कोरिया जिले के मुख्यालय बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। मामला कथित तौर पर एक निजी मार्ट में चोरी के आरोप, मानसिक प्रताड़ना और पैसों की मांग से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित मार्ट को सील कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग छात्रा अपनी बहन के साथ IC मार्ट में सामान खरीदने गई थी। परिजनों का आरोप है कि मार्ट प्रबंधन ने दोनों बहनों पर चोरी का आरोप लगाते हुए उन्हें दुकान में रोक लिया और कथित रूप से सामानों की सूची बनवाकर छात्रा से यह लिखवाया गया कि उसने और उसकी बहन ने दुकान से चोरी की है। आरोप है कि इस लिखित बयान पर छात्रा के हस्ताक्षर भी कराए गए।परिवार का दावा है कि पहले 20 हजार रुपये और बाद में 50 हजार रुपये की मांग की गई तथा छात्रा की स्कूटी भी अपने कब्जे में रख ली गई। मृतका के पिता शिवनाथ सिंह, जो पुलिस विभाग में पदस्थ हैं, ने आरोप लगाया है कि जब वे मार्ट पहुंचे तो उनसे भी 50 हजार रुपये देने की बात कही गई और स्कूटी लौटाने से इनकार कर दिया गया।

परिजनों के मुताबिक घटना के बाद छात्रा गहरे मानसिक तनाव में चली गई थी। बुधवार दोपहर उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि कथित अपमान, दबाव और पैसों की मांग से आहत होकर छात्रा ने यह कदम उठाया।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने IC मार्ट को सील कर दिया है तथा जांच शुरू कर दी है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा पर किस प्रकार का मानसिक दबाव बनाया गया, उससे क्या लिखवाया गया, पैसों की मांग और स्कूटी रोकने के आरोपों में कितनी सच्चाई है तथा आत्महत्या के पीछे किन परिस्थितियों की भूमिका रही। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

परिजनों द्वारा लगाए गए चोरी के आरोप, कथित वसूली और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद पूरे बैकुंठपुर में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!