

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को राजधानी रायपुर और जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दौरे की शुरुआत नगर पंचायत समोदा से होगी, जहां वे कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद रायपुर में आयोजित 'दीदी के गोठ वार्षिकोत्सव 2026' एवं संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन में शामिल होंगे।
विकास योजनाओं की देंगे सौगात
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन से रवाना होकर दोपहर 12 बजे विकासखंड आरंग स्थित नगर पंचायत समोदा पहुंचेंगे। यहां दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और क्षेत्रवासियों को नई विकास योजनाओं की सौगात देंगे।
महिला संगठनों के सम्मेलन में भी रहेंगे मौजूद
समोदा का कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 3:15 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर पहुंचकर 'दीदी के गोठ वार्षिकोत्सव 2026' सह संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में महिला स्वसहायता समूहों, संगठन प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों की उपस्थिति रहेगी।
प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
दौरे को लेकर बढ़ी हलचल
मुख्यमंत्री के समोदा दौरे और रायपुर में आयोजित महिला संगठन सम्मेलन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे लेकर प्रशासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी सक्रियता बढ़ गई है।










