रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री की एक 3D फैक्ट्री में मंगलवार को हुए भीषण विस्फोट ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र को दहला दिया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके तक इसकी आवाज सुनाई दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में 2 से 3 मजदूरों की मौत की आशंका है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

ब्लास्ट के बाद मची अफरा-तफरी

विस्फोट होते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए मजदूर इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल फैक्ट्री से निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।

फैक्ट्री प्रबंधन पर उठे सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका बेहद शक्तिशाली था। घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिला। ऐसे में सुरक्षा मानकों के पालन और फैक्ट्री संचालन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन अब फैक्ट्री के सुरक्षा इंतजाम, उपकरणों की स्थिति और संबंधित दस्तावेजों की जांच करेगा।

औद्योगिक क्षेत्र में फिर सुरक्षा पर बहस

उरला औद्योगिक क्षेत्र में इससे पहले भी फैक्ट्री हादसे हो चुके हैं। ताजा घटना के बाद एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

मृतकों और घायलों की आधिकारिक पुष्टि बाकी

पुलिस और राहत दल मौके पर मौजूद हैं। मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि अस्पताल और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!