

जशपुर: जशपुर पुलिस ने अपराध अनुसंधान को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा ASUMP Scheme 2025-26 (Modern/Special Plan) के तहत जिले के विवेचकों को 104 सैमसंग स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराए गए हैं। इन मोबाइलों का वितरण पुलिस कार्यालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल तथा उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ भी मौजूद रहे।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विवेचना की गुणवत्ता और पारदर्शिता में उल्लेखनीय सुधार होगा। स्मार्ट मोबाइल की सहायता से विवेचक घटनास्थल के फोटो और वीडियो का दस्तावेजीकरण, ई-साक्ष्य संकलन, गवाहों के बयान की डिजिटल रिकॉर्डिंग, जब्ती प्रक्रिया का फोटो-वीडियो रिकॉर्ड तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संकलित कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों पर आधारित विवेचना से न्यायिक प्रक्रिया अधिक मजबूत होगी। डिजिटल साक्ष्यों के जरिए आरोपियों के खिलाफ ठोस प्रमाण प्रस्तुत करने में आसानी होगी, जिससे न्यायालय में अपराध सिद्ध करने और दोषियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
जशपुर पुलिस के अनुसार यह पहल तकनीक आधारित, पारदर्शी और प्रभावी विवेचना व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। इससे अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ेगी और पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाने में भी सहायता मिलेगी।











