

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 53 किलोग्राम गांजा तस्करी के चर्चित मामले में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए दो आरोपियों को दोषी करार दिया है। मजबूत वैज्ञानिक साक्ष्यों और प्रभावी विवेचना के आधार पर कोर्ट ने दोनों तस्करों को 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक-एक लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
बैरियर जांच में पकड़ी गई थी गांजे की बड़ी खेप
मामला 9 जनवरी 2024 का है। थाना बोराई पुलिस बैरियर नाका पर नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही मारुति ज़ेन एलएक्स कार (एमपी-20-एफए-2513) को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की और बीच की सीट पर रखी तीन प्लास्टिक बोरियों से कुल 53 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
मध्यप्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार
वाहन में सवार मध्यप्रदेश के सतना निवासी तोषण विश्वकर्मा उर्फ राजा और रीवा निवासी विजय विश्वकर्मा गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
11 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53 किलो गांजा, मारुति कार, दो मोबाइल फोन, नकद राशि सहित कुल 11 लाख 10 हजार 800 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हुई दोषसिद्धि
सुनवाई के दौरान धमतरी पुलिस ने न्यायालय में वैज्ञानिक जांच और ठोस साक्ष्य पेश किए। अदालत ने इन्हें पर्याप्त मानते हुए दोनों आरोपियों को दोषी ठहराया और प्रत्येक को 10-10 साल के सश्रम कारावास के साथ एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने का आदेश दिया।
विवेचक को मिलेगा पुरस्कार
इस मामले की विवेचना तत्कालीन उपनिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने की थी। उत्कृष्ट जांच, प्रभावी साक्ष्य संकलन और न्यायालय से दोषसिद्धि सुनिश्चित कराने में अहम भूमिका निभाने पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने उन्हें 500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
नशे के कारोबार पर कार्रवाई रहेगी जारी
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वैज्ञानिक अनुसंधान और मजबूत साक्ष्यों के माध्यम से अपराधियों को कानून के मुताबिक कड़ी सजा दिलाने के लिए धमतरी पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।











