

सिमगा। बलौदाबाजार जिले के सिमगा में लगातार हो रही बारिश और शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसडीएम के निर्देश पर शिवनाथ नदी के पुराने पुल पर आवागमन तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। पुल के दोनों ओर बैरिकेड्स लगाकर रास्ता सील कर दिया गया है। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
जनसुरक्षा के लिए उठाया गया कदम
नगर पालिका सिमगा और तहसील प्रशासन ने बताया कि ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश के कारण शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में पुराने पुल के ऊपर से पानी बहने की आशंका है, जिससे किसी भी समय हादसा हो सकता है। इसी खतरे को देखते हुए पुल पर लोगों और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।
नए पुल से जारी रहेगा आवागमन
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिवनाथ नदी पर बना नया पुल पूरी तरह सुरक्षित है और वहां से यातायात सामान्य रूप से जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल नए पुल का उपयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
एसडीएम ने जारी किए निर्देश
एसडीएम सिमगा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि बढ़ते जलस्तर और संभावित जलभराव को देखते हुए पुराने पुल पर आवागमन करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। इसलिए जनहित और सुरक्षा के मद्देनजर पुल को तत्काल प्रभाव से बंद किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से बैरिकेड्स हटाने या बंद किए गए पुल से गुजरने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। साथ ही बताया गया है कि मौसम और नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है तथा परिस्थितियों के अनुसार आगे आवश्यक आदेश जारी किए जाएंगे।











