

कोरबा: कोरबा पुलिस ने बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने जेल में सजा काटने के दौरान आपस में दोस्ती की थी और रिहा होने के बाद लूट की योजना बनाई थी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा) नीतीश कुमार ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक तथा थाना कटघोरा एवं साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 को छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था।आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। इसके बाद एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा निकालकर व्यापारी की छाती पर तान दिया और मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया। इसी बीच तीसरा आरोपी बैग में आभूषण भरने लगा। बाहर लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। भागते समय वे अपना देशी कट्टा और चोरी की बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल घटनास्थल पर छोड़ गए।घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई क्षेत्रों में लगातार दबिश दी।तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गोपाल सिंह गोंड (धुचापुर), परदेशी राठिया (जिल्गा-बरपाली) और विष्णु राठिया (कोलगा) की पहचान की गई। पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राठिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पहले दोनों आरोपियों ने घटना से इनकार किया, लेकिन वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के सामने उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके थे। जेल में ही उन्होंने रिहाई के बाद लूट की योजना बनाई थी। योजना के तहत चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इस्तेमाल कर राज ज्वेलर्स में लूट का प्रयास किया गया।पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। वहीं तीसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में थाना कटघोरा एवं साइबर पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










