बलरामपुर: कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने, निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति लाने, स्कूलों में शौचालय निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने, मानसून के मद्देनजर बांधों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर  त्रिपाठी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को सीएचसी, पीएचसी एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विकासखंडों में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति अपेक्षाकृत कमजोर है, वहां कार्ययोजना बनाकर लक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने शेष पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाने के लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाकर कार्य पूर्ण करने को कहा। उन्होंने 9 से 12 माह के बच्चों के पूर्ण टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष पात्र बच्चों का टीकाकरण पूर्ण करने करने के निर्देश दिए।

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नवीन शौचालय निर्माण एवं शौचालय मरम्मत कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शौचालय संबंधी निर्माण कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, छात्रावास एवं आश्रम भवनों के निर्माण कार्यों तथा पीएम-जनमन अंतर्गत स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन एवं बहुउद्देशीय केंद्रों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने धीमी प्रगति वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में कलेक्टर ने मानसून के दृष्टिगत जिले के बांधों के जलस्तर एवं उनकी स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों को वृक्षारोपण के लिए लक्ष्य निर्धारित कर, अपने-अपने कार्यालयों एवं संस्थानों में पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वीबी जी रामजी योजना की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों को योजना से जोड़ने, जिला स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत  नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर द्वय  आर.एस.लाल एवं प्रमोद गुप्ता, सर्व अनुविभागीय अधिकारी (रा.) सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!