बलरामपुर:  कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-343 पर बने गड्ढों की मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। उन्होंने मालवाहक वाहनों में यात्रियों के अवैध परिवहन पर विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आवश्यकतानुसार वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी करें।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्कूल वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक दस्तावेजों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित कर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक  वैभव बैंकर ने सड़क किनारे अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध कब्जों एवं अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर सड़क सुरक्षा में बाधक अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सड़क किनारे अनियंत्रित रूप से वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर एवं अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा मार्गों के किनारे पेड़ों की नियमित छंटाई कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में वनमण्डलाधिकारी  आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ  नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर  आर.एस. लाल,  आर.एन. पाण्डेय,  प्रमोद गुप्ता,  अभिषेक गुप्ता सहित सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!