बलरामपुर:  जिले में अल्प वर्षा की संभावना को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को समय रहते वैकल्पिक खेती और फसल प्रबंधन के प्रति जागरूक करना शुरू कर दिया है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर विकासखंड राजपुर सहित विभिन्न साप्ताहिक हाट-बाजारों में कृषक सूचना रथ के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही गांवों में चौपाल लगाकर किसानों को मौसम के अनुसार खेती की सलाह दी जा रही है।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को बताया कि एलनीनो के प्रभाव के कारण इस वर्ष कम वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में धान के बजाय दलहन, तिलहन, रागी, कोदो और कुटकी जैसी कम पानी वाली फसलों की खेती करने की सलाह दी जा रही है।विभाग के अनुसार, कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर वैकल्पिक फसल लगाने वाले किसानों को राज्य शासन की ओर से 15 हजार रुपये प्रति एकड़ तक प्रोत्साहन राशि मिलेगी। वहीं सामान्य रूप से इन फसलों की खेती करने पर 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।किसानों को कम अवधि में तैयार होने वाली धान की किस्मों तथा देसी एवं उन्नतशील बीजों के उपयोग की भी सलाह दी गई है, ताकि कम वर्षा की स्थिति में भी उत्पादन प्रभावित न हो।इसके अलावा कृषि विभाग ने सभी किसानों से भविष्य में शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी (Agristack) पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!