

बिलासपुर: जिले के कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। खेत में काम करने गए एक ही परिवार के तीन सदस्य करंट की चपेट में आ गए, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके दो बेटे शामिल हैं। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई शुक्रवार सुबह अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ उनका बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद था। खेत में काम के दौरान अचानक तीनों करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि उन्हें संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला और तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
देर शाम पति खेत पहुंचा तो सामने था जिंदगी का सबसे दर्दनाक मंजर
मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, काम पर गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। पहले उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन जब कहीं पता नहीं चला तो खेत की ओर पहुंचे। वहां पहुंचते ही उनके होश उड़ गए। खेत में पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े थे। यह दृश्य देखकर वे बदहवास हो गए और तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते हीकोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका।जिसे आज शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना माना जा रहा है, लेकिन खेत में करंट कैसे आया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। संभावना जताई जा रही है कि किसी विद्युत तार के संपर्क में आने या अन्य तकनीकी कारण से जीआई तार में करंट प्रवाहित हुआ होगा। हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और संबंधित विभाग घटना के हर पहलू की जांच कर रहे हैं।एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से ग्राम भाड़म में मातम पसरा हुआ है।फिलहाल कोटा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खेत में करंट कैसे पहुंचा और इस दर्दनाक हादसे के पीछे वास्तविक कारण क्या था।











