

कोरबा: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मामूली कहासुनी के बाद गुस्से में आए युवक ने कथित तौर पर बोलेरो कैंपर से अपने साथी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 3 जुलाई 2026 की रात थाना दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल दीवान के बीच विवाद हो गया।रिजॉर्ट से बाहर निकलने के बाद सड़क पर दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान तुषार ढांडा ने गुस्से में अपनी बोलेरो कैंपर उज्जवल दीवान के ऊपर चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया।घटना के बाद मौजूद साथियों ने गंभीर रूप से घायल उज्जवल दीवान को तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी तुषार ढांडा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।











