

कोरबा : भाजपा किसान मोर्चा मंडल के मंत्री और भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल कपिलेश्वर धीरज को डायल 112 की सहायता से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
रास्ता रोककर हमला करने का आरोप
घायल कपिलेश्वर धीरज के अनुसार वह पोल्ट्री फार्म का व्यवसाय करते हैं और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास उनकी दुकान भी संचालित होती है। बुधवार रात दुकान बंद कर वह कार से अपने गांव भुलसीडीह लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के अरुण खांडे, संदीप कुमार और उनके कुछ साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी कार में तोड़फोड़ की और फिर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की।
नशे के कारोबार का विरोध बना वजह, पीड़ित का दावा
कपिलेश्वर धीरज का कहना है कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में काम कर रहे बाहरी मजदूरों के बीच कथित रूप से गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की आपूर्ति की जा रही है। उनका दावा है कि उन्होंने कुछ लोगों को इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दी थी और नशे के बढ़ते असर पर आपत्ति जताई थी। पीड़ित के मुताबिक इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उन पर हमला किया।
बेहोश होने तक पीटा, राहगीरों ने पहुंचाई मदद
घायल ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गए। उनका कहना है कि आरोपी उन्हें मृत समझकर मौके से भाग निकले। बाद में राहगीरों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रभाव का रौब दिखाने का आरोप
कपिलेश्वर धीरज ने आरोप लगाया कि अरुण खांडे एक कांग्रेस नेता का पुत्र है, जबकि संदीप कुमार पुलिस चौकी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत है। उनका कहना है कि दोनों अपने प्रभाव का हवाला देकर लगातार धमकी दे रहे थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में नाराजगी है। उनका कहना है कि हाल के दिनों में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। कुछ दिन पहले भी एक भाजपा कार्यकर्ता के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। भाजपा नेताओं ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस को शिकायत दे दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।











