रांची: झारखंड सरकार ने पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को गंभीरता से लेते हुए बड़ा प्रशासनिक फैसला किया है। सरकार ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडे और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक (SP) निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया है। दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारी पति-पत्नी हैं।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि दोनों जिलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के चलते यह कार्रवाई की गई है। सरकार ने दोहराया कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।स्थिति पर प्रभावी निगरानी के लिए चाईबासा के आयुक्त को क्षेत्र में लगातार कैंप कर प्रतिदिन कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, रांची के एडीजी को पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा जमशेदपुर प्रमंडल के डीआईजी को जमशेदपुर में रहकर पूर्वी सिंहभूम समेत आसपास के क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था की सीधी निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी और सरायकेला-खरसावां की एसपी को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और अपराध नियंत्रण में लापरवाही के कारण हटाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!