

बलरामपुर: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के थाना चलगली अंतर्गत चौकी रनहत पुलिस ने जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लुरगी खुर्द निवासी सोहन राम ने 12 जून 2026 को थाना चलगली में शिकायत दर्ज कराई थी कि कर्ज के रूप में दिए गए पैसे मांगने पर आरोपी धर्मजीत सोनी एवं उसके एक अन्य साथी ने उनके साथ जातिसूचक गाली-गलौज की और मारपीट की। शिकायत के आधार पर चौकी रनहत में अपराध क्रमांक 34/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।जांच के दौरान आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी किए जाने के बाद 29 जून 2026 को मुख्य आरोपी धर्मजीत सोनी (37 वर्ष), निवासी रनहत, थाना चलगली, जिला बलरामपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।











