


लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम चांदो में आदिवासी किसान की कथित फर्जी जमीन रजिस्ट्री के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित सिंहदेव ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित मस्तराम मझवार के साथ मजबूती से खड़ी है। यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो ब्लॉक कांग्रेस और जिला कांग्रेस कमेटी संयुक्त रूप से कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन करेगी।
अमित सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद शासकीय भूमि पर कब्जे, फर्जी खरीद-फरोख्त और जमीन संबंधी धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि ऐसे मामलों में राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पाई जाती है तो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि ग्राम चांदो के पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस हरसंभव प्रयास करेगी। यदि कलेक्टर और पुलिस प्रशासन ने मामले में कोई ठोस पहल नहीं की तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी और पीड़ित को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, ग्राम चांदो निवासी आदिवासी किसान मस्तराम मझवार ने आरोप लगाया है कि जनवरी माह में उसकी पट्टे की भूमि में से एक एकड़ जमीन का सौदा किया गया था। लेकिन कथित रूप से जमीन दलाल कयामुद्दीन अंसारी तथा पंकज लकड़ा और उनकी पत्नी नेहा लकड़ा ने मिलकर एक एकड़ के बजाय पूरी तीन एकड़ जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करा ली। आरोप है कि इसके बदले पीड़ित को केवल एक लाख रुपये दिए गए।मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने कलेक्टर, सरगुजा रेंज के आईजी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।
अब इस मामले में कांग्रेस के खुलकर सामने आने के बाद फर्जी रजिस्ट्री विवाद को लेकर जिले की राजनीति भी गर्माने लगी है। प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




















