लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम तिरकेला ठेपापारा निवासी 45 वर्षीय कामेश्वर मझवार की संदिग्ध परिस्थितियों में इलाज के दौरान मौत हो गई। पहले इसे सामान्य मौत माना जा रहा था, लेकिन अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान शव पर चोट के निशान दिखाई देने और मारपीट की जानकारी सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कामेश्वर मझवार की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले लखनपुर अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया, जहां 27 जून की शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद बिना पोस्टमार्टम शव को गांव लाया गया।गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने शव पर चोट के निशान देखे। साथ ही मारपीट की आशंका जताते हुए पुलिस चौकी में सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया।

सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले मृतक का अपने ही भाई के साथ शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद मारपीट में बदल गया था, जिसमें मृतक को गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत बीमारी से हुई या मारपीट के कारण। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!