

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पारिवारिक जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। उरगा थाना क्षेत्र के चीतापाली गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर भी उसने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जमीन के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में अपनी मां पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पिता को बचाने पहुंचे तो उन पर भी किया हमला
मां को बचाने के लिए जब पिता बीच में आए तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में पिता के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद फरार हुआ आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी शारीरिक रूप से दिव्यांग है और चलने के लिए लाठी का सहारा लेता है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर अंजोरीपाली क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





















