

बलरामपुर/राजपुर। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर नियंत्रण के लिए सतत् निगरानी रखते हुए अवैध कार्यों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम द्वारा राजपुर विकासखंड अंतर्गत सिंहचौरा एवं गोपालपुर ग्राम स्थित महान नदी क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान टीम ने महान नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन किए जाने की सूचना पर मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर खनिज रेत से भरे 3 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों के पास वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग द्वारा जब्त किए गए सभी वाहनों को अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस थाना राजपुर की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया । जिला खनिज अधिकारी श्री राहुल गुलाटी ने बताया कि संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध खनिज नियमों एवं प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में खनिज संपदा के संरक्षण तथा अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से निरीक्षण और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





















