

अंबिकापुर: संभागीय आबकारी उड़नदस्ता संभाग सरगुजा की नशे के सौदागरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। पिछले पांच दिनों में चार नशे के सौदागर नशीले इंजेक्शन बेचने के जुर्म में जेल दाखिल हो चुके हैं।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आज गश्त के दौरान अम्बिकापुर के गर्दनपाठ प्रसिद्ध पूजा स्थल के पास मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आगे पहाड़ी के पास दो व्यक्ति लाल काले रंग के टीवीएस राइडर बाइक से नशीला इंजेक्शन बेच रहे हैं। तत्काल पहाड़ी की तरफ बढ़ने पर लाल काले रंग की बाइक के पास खड़े दो व्यक्ति सरकारी वाहन देखकर भागने का प्रयास किए परंतु उन्हें पकड़ा गया। दोनों व्यक्तियों का नाम पूछने पर एक ने अपना नाम रवि घासी निवासी झेराडीह थाना लुण्ड्रा तथा दूसरे ने अपना नाम किशुन राम उर्फ बबलू ठाकुर निवासी गढ़वीरा थाना लुंड्रा जिला सरगुजा बताया। दोनों व्यक्तियों में से रवि घासी द्वारा पकड़े गए नीले रंग के एक झोले की तलाशी लेने पर उसमें 40 नग REXOGESIC INJECTION 40 नग AVIL INJECTION जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 सी के तहत गिरफ्तार कर आज विशेष न्यायालय में पेश किया न्यायालय से जेल दाखिल किया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आज अचानक लुंड्रा क्षेत्र के दो बड़े नशीले इंजेक्शन सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। ये दोनों आरोपी लुंड्रा एरिया में नशीला इंजेक्शन की सप्लाई लंबे समय से करते आ रहे हैं जिसकी शिकायत अक्सर प्राप्त हो रही थीं पर पकड़ने में सफलता आज मिली। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता संभाग सरगुजा के द्वारा नशीली दवाइयों के विरुद्ध चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन" के लिए यह बड़ी सफलता है। कार्रवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, आबकारी स्टाफ नीरज चौहान की महत्वपूर्ण रही।





















