सूरजपुर: सूरजपुर जिले में पति द्वारा पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चरित्र पर शक के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसके बाल काटकर सिर मुंडवा दिया, चेहरे पर कालिख पोत दी और पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनवाया। आरोप है कि उसने अपने बच्चों को भी मां के खिलाफ उकसाया और उनसे मारपीट करवाई।यह मामला सूरजपुर जिले के पटना थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडोपारा स्थित काटकोना गांव का है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रूनियाडीह निवासी जितेंद्र घसिया ने करीब 15 वर्ष पहले करंजी क्षेत्र की रहने वाली तारा (परिवर्तित नाम) से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दंपति के चार बच्चे हुए, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के चलते महिला पति से अलग होकर पंडोपारा में रह रही थी और लोगों के घरों में काम करके अपना तथा बच्चों का भरण-पोषण कर रही थी।पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 11 जून 2026 को वह अपने परिचित रमेश घसिया के घर गई हुई थी। इसी दौरान उसका पति जितेंद्र उसे तलाशते हुए वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर पत्नी के साथ मारपीट करते हुए सारी हदें पार कर दीं।

महिला के अनुसार, आरोपी ने उसके हाथ-पैर कपड़े से बांध दिए और उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद जूते से पिटाई की, बाल खींचे और कई थप्पड़ मारे। इतना ही नहीं, कैंची से उसके बाल काट दिए और रेजर से सिर मुंडवा दिया। आरोपी ने उसके चेहरे पर कालिख भी पोत दी।पीड़िता का आरोप है कि पति ने अपने बच्चों को भी मां के खिलाफ भड़काया और उनसे थप्पड़ मरवाए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने बच्चे से उसके चेहरे पर पेशाब करवाया और बाद में स्वयं भी उसके साथ घोर अमानवीय व्यवहार किया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनवाया, जो अब सामने आया है। वहीं, आरोपी पति का कहना है कि उसकी पत्नी उसे और बच्चों को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही थी, जिसके कारण वह गुस्से में आ गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।घटना के बाद पीड़िता ने पटना थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र घसिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 351(2) और 85 के तहत अपराध दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना न केवल घरेलू हिंसा की भयावह तस्वीर पेश करती है, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ती क्रूरता और संदेह के आधार पर की जाने वाली हिंसा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के पारिवारिक विवाद का समाधान कानून और संवाद के माध्यम से करें, हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!