

अंबिकापुर: सरगुजा जिले की कोतवाली पुलिस ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इससे पहले इसी मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र के मायापुर निवासी 25 वर्षीय आकाश जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 मई 2026 को राहुल सिंह और विवेक उपाध्याय उर्फ गोलू पंडित ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की थी। इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद 17 मई को जब वह घर लौट रहा था, तभी चांदनी चौक स्थित शास्त्री ऑटो के पास दोनों आरोपियों ने उसे दोबारा रोक लिया।आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने से नाराज होकर दोनों ने युवक के साथ अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और बेल्ट, रॉड तथा मुक्कों से हमला कर दिया। इस दौरान राहुल सिंह ने पीड़ित के बाएं हाथ पर दांत से काट भी लिया, जिससे उसे कई जगह चोटें आईं।
पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल सिंह (32 वर्ष), निवासी मायापुर चांदनी चौक, अंबिकापुर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था। वहीं, फरार चल रहे दूसरे आरोपी विवेक उपाध्याय उर्फ गोलू पंडित (29 वर्ष) की तलाश जारी थी।
कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी विवेक उपाध्याय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में की गई। मामले की कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















