

सूरजपुर: रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मकरबंधा में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को बाल विवाह रोकथाम, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
शिविर को संबोधित करते हुए जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल ने ग्रामीणों से बाल विवाह नहीं करने की अपील की। उन्होंने बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया। साथ ही कम उम्र की बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों के संबंध में जागरूक करते हुए बच्चों को गुड टच एवं बैड टच की जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या अपराध की सूचना देने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 एवं आपातकालीन सेवा 112 का उपयोग किया जा सकता है।इस अवसर पर महिला संरक्षण अधिकारी श्रीमती इंदिरा चौबे ने ग्रामीणों को घरेलू हिंसा अधिनियम एवं सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं की जानकारी दी। वहीं महिला सशक्तिकरण केंद्र से जेंडर विशेषज्ञ श्रीमती सलोनी कुजूर तथा वित्तीय साक्षरता एवं समन्वयक विशेषज्ञ फरजाना ने उपस्थित होकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत भ्रूण हत्या की रोकथाम, बालिकाओं में लैंगिक समानता, महिला उत्पीड़न, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, महतारी वंदन ई-केवाईसी, साइबर अपराध एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
इस कार्यक्रम के दौरान योजनाओं से संबंधित ब्रोशर वितरित कर ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशा मुक्ति, बालिकाओं की शिक्षा और संस्कारयुक्त समाज निर्माण के विषय में भी जागरूकता प्रदान की गई।शिविर में सरपंच आरती सिंह, सचिव रामदुलार सिंह, जिला पंचायत ऑडिटर प्रदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





















