अंबिकापुर।सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए "बेस्ट आरटीआई एंड पीआईएल कार्यकर्ता" सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान ग्लोबल रिसर्च फाउंडेशन द्वारा कर्नाटक के हुबली स्थित होटल डेनिसंस में आयोजित भव्य समारोह में नेशनल प्रेस्टीज अवार्ड 2026 प्रदान किया गया।

समारोह में बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान, टीवी कलाकार करण मेहरा एवं अभिनेत्री अशनूर कौर  के साथ साथ गोलोबल रिसर्च फाउंडेशन संस्था के फाउंडर चेयरमैन श्रीधर द्वासकर के करकमलों से डॉ. सोनी को सम्मान पत्र एवं अवार्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान आरटीआई, जनहित याचिकाओं और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए दिया गया। उक्त कार्यक्रम में 27 राज्यों के लोग उपस्थित थे तथा गोलोबल रिसर्च फाउंडेशन संस्था के फाउंडर चेयरमैन श्रीधर द्वासकर,  वाइस प्रेसिडेंट ऐश्वर्या दवास्कर भी उपस्थित थी। डॉ. डी.के. सोनी लंबे समय से सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्षरत हैं। अपनी संस्था "सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस" के माध्यम से वे आम लोगों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरटीआई और जनहित याचिकाओं के जरिए कई महत्वपूर्ण मामलों को उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचाया तथा अनेक मामलों में सफल कानूनी लड़ाई लड़ी है। सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करने में भी डॉ. सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर कई मामलों में जांच और कार्रवाई कराते हुए भ्रष्ट अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ अपराध दर्ज कराने में सफलता हासिल की है। देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों के नामांकन आमंत्रित किए गए थे। चयन प्रक्रिया के बाद जनहित, आदिवासी हित, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. सोनी का चयन किया गया। इस सम्मान से अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!