बिलासपुर: बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबार को लेकर शुरू हुआ विवाद आपराधिक वारदात में बदल गया। बंधक बनाकर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और टाटा पिकअप वाहन लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वाहन भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी के साले को एक कबाड़ी दुकान में बंधक बना लिया। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने जबरन टाटा पिकअप वाहन पर भी कब्जा कर लिया।मामले की शिकायत मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दबिश देकर मोहम्मद फिरोज और अब्दुल सफीर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अब्दुल सफीर का नाम पहले भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को जिले में संगठित अपराध, रंगदारी और गुंडागर्दी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!