नई दिल्ली: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून के अगले चरण में 23 जून के आसपास तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। हालांकि, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के कई इलाकों में मानसून पहले ही दस्तक दे चुका है, जहां आगामी दिनों में भारी बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के आगमन में देरी के कारण मध्य प्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना में 21 जून तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। छत्तीसगढ़ में भी कुछ स्थानों पर गर्मी और उमस से राहत मिलने में अभी कुछ दिन लग सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही इन क्षेत्रों में लू का प्रभाव धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगा।पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश और केरल में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं, पश्चिम बंगाल, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और मिजोरम में आंधी, तूफान और वज्रपात की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, छत्तीसगढ़, विदर्भ और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं।

मौसम विभाग के अनुसार, 19 जून तक मध्य भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। पूर्वी भारत में 21 जून तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, महाराष्ट्र में पहले तापमान बढ़ने और बाद में गिरावट आने का अनुमान है।आईएमडी ने पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और केरल में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और तमिलनाडु में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि की आशंका बनी हुई है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में तेज आंधी चलने के आसार हैं।वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। गोवा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दो से तीन दिनों तक बारिश और तेज आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!