

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। जिला बलरामपुर - रामानुजगंज के जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत मगाजी में सरपंच प्रभु बेसरा के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग को लेकर पंचायत के निर्वाचित पंचों एवं ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। आज बुधवार को पंचायत के पंचों ने सरपंच के कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी अनमोल विवेक टोप्पो को लिखित आवेदन सौंपकर नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया प्रारंभ कराने की मांग की है।
पंचों द्वारा प्रस्तुत आवेदन में सरपंच पर वित्तीय अनियमितता, पंचायत कार्यों में मनमानी, निर्वाचित प्रतिनिधियों की उपेक्षा तथा पंचायत निधियों के उपयोग में पारदर्शिता नहीं बरतने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आवेदन के अनुसार 14वें एवं 15वें वित्त आयोग की राशि से कराए गए विभिन्न विकास कार्यों में पंचायत के पंचों की सहमति एवं जानकारी के बिना प्रस्ताव पारित किए जाने का आरोप है। पंचों का कहना है कि सीसी रोड, कुआं निर्माण सहित अन्य कार्यों के संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लिया गया तथा प्रस्ताव पारित कर राशि का आहरण किया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ प्रस्तावों में पंचों के हस्ताक्षरों के संबंध में भी आपत्ति दर्ज कराई गई है। वहीं आंगनबाड़ी मरम्मत कार्य सहित अन्य निर्माण कार्यों को लेकर भी पंचों ने नाराजगी व्यक्त की है। उनका आरोप है कि पंचायत में कई कार्य निर्वाचित प्रतिनिधियों की सहमति के बिना कराए गए, जिससे पंचायत की सामूहिक निर्णय प्रक्रिया प्रभावित हुई है। आवेदन में वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8 एवं 10 के पंचों द्वारा सरपंच के कार्यों पर असंतोष जताते हुए अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराने की मांग की गई है। पंचों का कहना है कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के क्रियान्वयन एवं वित्तीय मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इसी संबंध में ग्राम पंचायत के पंचों एवं ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल कुसमी पहुंचा, जहां उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनमोल विवेक टोप्पो से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराते हुए नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की। मुलाकात के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनमोल विवेक टोप्पो ने पंचों एवं ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनते हुए प्राप्त आवेदन पर नियमानुसार परीक्षण एवं अग्रिम कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद पंचों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताई हैं।





















