17 पात्र हितग्राहियों का किया गया पंजीयन,ऋण एवं अन्य सुविधाओं की दी गई जानकारी

बलरामपुर। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में राजपुर में पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत शिविर आयोजित किया गया। जहां रेहड़ी-पटरी, ठेला एवं अन्य छोटे व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को योजना की जानकारी प्रदान करते हुए पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण भी किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में छोटे व्यापारी एवं हितग्राही ने योजना के प्रति उत्साह दिखाते हुए पंजीयन एवं आवेदन प्रक्रिया में भाग लिया। शिविर में 17 लोगों का पंजीयन कर लाभान्वित करने आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

शिविर में उपस्थित अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत उपलब्ध कार्यशील पूंजी ऋण, डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहन, समय पर ऋण भुगतान पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उद्देश्य छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से लाभान्वित हितग्राही अपने व्यवसाय का विस्तार कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने पात्र व्यापारियों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने व्यवसाय को सुदृढ़ बनाने की अपील की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!