

रायपुर: छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें राष्ट्रीय जांच एजेंसी में इंस्पेक्टर जनरल (IG) के पद पर नियुक्त किया गया है।
सुंदरराज पी. वर्ष 2003 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। वे लंबे समय तक बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों का नेतृत्व कर चुके हैं और अपनी रणनीतिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। बस्तर में उनके कार्यकाल के दौरान नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षा अभियानों को मजबूती मिली थी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तहत मंजूरी देते हुए राज्य सरकार को उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वे जल्द ही अपना नया पदभार ग्रहण कर सकें।आतंकवाद, संगठित अपराध और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की जांच करने वाली एनआईए में सुंदरराज पी. की नियुक्ति को छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सुरक्षा और प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को राज्य के लिए गौरवपूर्ण बताया जा रहा है।






















