रायसेन। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का रायसेन जिले के सिलवानी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अलग अंदाज देखने को मिला। मंच संचालन के दौरान जब संचालक ने उनके स्वागत में मौजूद लोगों से खड़े होने का आग्रह किया, तो शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल आपत्ति जताते हुए संचालक को सार्वजनिक रूप से टोका। उनका यह वीडियो अब चर्चा का विषय बन गया है।

'जनता मूर्ख नहीं, बार-बार खड़ा क्यों कर रहे हो'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जैसे ही मंच संचालक ने शिवराज सिंह चौहान के संबोधन की घोषणा की और लोगों से खड़े होने को कहा, केंद्रीय मंत्री ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि यह तरीका उचित नहीं है।

उन्होंने मंच से कहा, "मैं इस बात पर आपत्ति जताता हूं। जनता मूर्ख नहीं है कि बार-बार उसे खड़ा होने के लिए कहा जाए। यह बिल्कुल गलत बात है। जनता ही हमारी भगवान है और उन्हें बार-बार खड़ा किया जा रहा है। मैं तो जनता का सेवक हूं, मैं उनके लिए हमेशा खड़ा हूं। आप सब बैठे रहिए, आपके लिए मामा खड़ा रहेगा।"

कार्यक्रम में दी करोड़ों की विकास सौगात

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र को 60 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी दी। उन्होंने सिलवानी में उन्नत 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन का लोकार्पण किया, जिसका निर्माण लगभग 8.96 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

स्वास्थ्य और प्रशासनिक परियोजनाओं का किया शिलान्यास

शिवराज सिंह चौहान ने कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की आधारशिला भी रखी। इनमें सुनवाहा में लगभग 2.95 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आवास गृह निर्माण, मरखेड़ा टप्पा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंच मार्ग का निर्माण, सुल्तानगंज और बम्होरी में उप तहसील कार्यालय भवनों का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा सुल्तानगंज में लगभग 99 लाख रुपये की लागत से विश्राम गृह निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामपाल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया। हालांकि विकास कार्यों की घोषणाओं के बीच मंच से शिवराज सिंह चौहान की संचालक को दी गई सीख सबसे अधिक चर्चा में रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!