सूरजपुर: जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर  रेना जमील एवं पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक ली। बैठक में जिला पंचायत सीईओ  विजेन्द्र सिंह पाटले सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में आगामी त्योहारों, सीमावर्ती चेकपोस्टों की निगरानी, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा विभागीय समन्वय को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर  रेना जमील ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को आगामी त्योहारों एवं अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियाँ समयपूर्व पूर्ण करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा लोक शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले की सीमाओं पर स्थापित चेकपोस्टों पर सघन निगरानी रखने, वाहनों की नियमित जांच करने तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उपयुक्त स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही, उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण खबरों पर रोक लगाने तथा ऐसी खबरों पर विश्वास न करने की सलाह दी। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से कर्तव्यनिष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक  प्रशांत कुमार ठाकुर ने बैठक में कहा कि जिले की कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी असामाजिक गतिविधि पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए । उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सजगता एवं सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में कानून व्यवस्था बनाए रखने से संबंधित अन्य विषयों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!