

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी: जिला बलरामपुर - रामानुजगंज कलेक्टर के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में सामरी सेक्टर के दुर्गम एवं पहुंच विहीन क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सामरी के नवाटोली ग्राम में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जहां ग्रामीणों को वर्षा ऋतु के दौरान होने वाली बीमारियों से बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लोगों को सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार कराने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में शिविर के दौरान एमसीडी एवं आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य भी किया गया। दूरस्थ अंचलों में पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई तथा कुल 60 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। इसके अलावा क्षेत्र के सभी कुओं एवं ढोडियों का जल शुद्धीकरण भी कराया गया।
इसी प्रकार टाटीझरिया क्षेत्र के ग्राम खम्हीया में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 64 लोगों की जांच एवं उपचार किया गया। शिविर में बीपी एवं शुगर की जांच की गई तथा गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को आयरन एवं फोलिक एसिड की दवाओं का वितरण किया गया। सर्दी, खांसी एवं बुखार से पीड़ित मरीजों का उपचार भी किया गया।
सामरी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में बरसात के पूर्व सभी क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य शिक्षा, महामारी से बचाव के उपाय तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अस्पताल से संपर्क करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।सभी शिविरों के आयोजन में क्षेत्र के सरपंच, मितानिन, सीएचओ, महिला एवं पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है तथा उन्हें समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध हो रही है।





















