

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उदयपुर पुलिस ने आबकारी एक्ट के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 38 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 26,740 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में आबकारी एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 6 जून को थाना उदयपुर पुलिस की टीम पेट्रोलिंग और ग्राम भ्रमण पर निकली थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भण्डारगांव में एक युवक अपने किराये के मकान के पास अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बिक्री कर रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी। वहां मौजूद युवक ने पूछताछ में अपना नाम अभिषेक यादव (24 वर्ष), निवासी रोपाखार थाना कमलेश्वरपुर, वर्तमान पता भण्डारगांव थाना उदयपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी व देशी शराब बरामद की गई।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 38 लीटर शराब जब्त की। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, संजय नागेश तथा आरक्षक रविन्द्र साहू, देवेन्द्र सिंह, अजय शर्मा एवं प्रवीण सैनिक नीरज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















