अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने अपने प्रेम संबंधों में बाधा बनने के कारण महिला की हत्या की थी।

पुलिस के अनुसार जुना लखनपुर निवासी लक्ष्मी लकड़ा (65) का शव 1 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। प्रारंभिक सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। शव परीक्षण के दौरान शरीर पर चोट और संघर्ष के निशान मिलने के बाद डॉक्टरों ने मौत को हत्यात्मक बताया। इसके आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक को मृतिका के घर में प्रवेश करते और कुछ देर बाद बाहर निकलते देखा गया। इसके बाद मृतिका की भतीजी तेरेसा एक्का भी उसी युवक के साथ मोटरसाइकिल में जाते दिखाई दी। संदेह के आधार पर पुलिस ने तेरेसा एक्का और उसके प्रेमी आशिष कुमार गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उनके प्रेम संबंधों में मृतिका बाधा उत्पन्न कर रही थी। इसी कारण उन्होंने महिला को पकड़कर दीवार से धक्का दिया और मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों रातभर घर से बाहर रहे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।गिरफ्तार आरोपियों में आशिष कुमार गुप्ता (30 वर्ष) निवासी बाजारपारा, लखनपुर तथा तेरेसा एक्का (20 वर्ष) निवासी लोसगा, रानीकछार शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संपत पोटाई, सहायक उपनिरीक्षक परशुराम, प्रधान आरक्षक सतीष सिंह, पिताम्बर सिंह, अजय पाण्डेय, प्रवीण चंद तिवारी तथा आरक्षक दशरथ राजवाड़े सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!