

मुस्लिम समाज और राजा यूनिटी फाउंडेशन ने राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। शुक्रवार को मुस्लिम समाज एवं राजा यूनिटी फाउंडेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी के माध्यम से राष्ट्रपति एवं छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर गाय को राष्ट्र पशु तथा छत्तीसगढ़ में राजकीय पशु घोषित किए जाने की मांग की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने गोवंश संरक्षण, पशु कल्याण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
ज्ञापन का नेतृत्व राजा यूनिटी फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के प्रदेश महासचिव शादाब अंसारी ने किया। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गाय का विशेष महत्व रहा है तथा सदियों से गोवंश किसानों और ग्रामीण समाज की जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा रहा है।
संगठन ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में आवारा गोवंश सड़कों पर घूम रहे हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके अलावा गोवंश की तस्करी और अवैध परिवहन जैसी समस्याएं भी समय-समय पर सामने आती रहती हैं। ऐसी परिस्थितियों में गोवंश संरक्षण के लिए प्रभावी नीति और ठोस कार्ययोजना की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ज्ञापन में केंद्र एवं राज्य सरकार से मांग की गई कि गाय को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर विशेष संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्र पशु और राजकीय पशु का दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही गोवंश का डिजिटल पंजीयन एवं टैगिंग कर उनकी निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पशुओं की पहचान और संरक्षण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।
संगठन ने अवैध गोवंश परिवहन एवं तस्करी पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने, गौशालाओं को सुदृढ़ करने तथा आवारा गोवंश के संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए विशेष कार्ययोजना लागू करने की भी मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि गोवंश संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह पशु कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, कृषि विकास और सामाजिक समरसता से जुड़ा व्यापक राष्ट्रीय मुद्दा है। ज्ञापन सौंपने आए प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि गोवंश संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाते हैं तो इससे किसानों को भी लाभ मिलेगा और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं में कमी आएगी। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की अपेक्षा व्यक्त की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन को नियमानुसार उच्च अधिकारियों तक भेजा जाएगा। इस अवसर पर राजा यूनिटी फाउंडेशन एवं मुस्लिम समाज के अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और सदस्य उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति में शांतिपूर्ण ढंग से ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया संपन्न हुई।





















