जशपुर: जशपुर जिले के लोदाम क्षेत्र में बकरी चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे कुख्यात बादी (नट) गिरोह के एक सदस्य को ग्रामीणों की सतर्कता से रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अनीष खान उर्फ गोल्डन (25 वर्ष) निवासी टुकूपारा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर कार से फरार हो गए, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार लोदाम बैगाटोली निवासी किषुन राम (35 वर्ष) ने थाना लोदाम में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 जून की रात उसने अपने 9 बकरा-बकरियों को गोहार में बांध रखा था। देर रात पड़ोसी ने घर के बाहर संदिग्ध वाहन खड़े होने की सूचना दी। बाहर निकलने पर उसने देखा कि घर के एक कमरे का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर गोहार का दरवाजा भी टूटा मिला तथा एक बकरा और एक बकरी गायब थे।

इसी दौरान ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनीष खान बताया। उसके कब्जे से चोरी की गई एक बकरी तथा वारदात में प्रयुक्त टांगी, मोबाइल, टॉर्च और टेप बरामद किए गए। आरोपी के अन्य साथी कार से फरार हो गए।पुलिस पूछताछ में अनीष खान ने स्वयं को कुख्यात बादी (नट) गिरोह का सदस्य बताया और स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ सीतापुर से चोरी की नीयत से लोदाम आया था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।थाना लोदाम में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत धारा 331(4), 305 एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जागरूक ग्रामीणों के सहयोग से कुख्यात बादी गिरोह के एक सदस्य को चोरी करते समय रंगे हाथ पकड़ा गया है। फरार आरोपियों की सघन तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!