

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना गांधीनगर क्षेत्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के बैंक खातों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों से साइबर पुलिस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायतें दर्ज थीं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले में म्यूल अकाउंट, फर्जी सिम कार्ड और साइबर अपराधों से जुड़े मामलों की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की।
पहले मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते के धारक गुफरान जाहिद (32 वर्ष), निवासी तकिया शरीफ रनपुरखुर्द, अंबिकापुर को गिरफ्तार किया गया। जांच में पाया गया कि उसके बैंक खाते के खिलाफ कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात और तेलंगाना सहित कई राज्यों से शिकायतें दर्ज थीं। पूछताछ में आरोपी ने अपना बैंक खाता 5 हजार रुपये में दूसरे व्यक्ति को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
दूसरे मामले में तजमुल अंसारी (25 वर्ष), निवासी तकिया शरीफ रनपुरखुर्द, अंबिकापुर को गिरफ्तार किया गया। उसके बैंक खाते के खिलाफ कर्नाटक, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना से साइबर शिकायतें दर्ज थीं। पूछताछ में उसने भी अपना बैंक खाता 5 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर 29 मई को गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, अमृत सिंह, विकास सिंह एवं ऋषभ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















