

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते एक शिक्षक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी शिक्षक तुलाराम पटेल वर्तमान में छाल तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में पदस्थ था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बी-1 दस्तावेज में त्रुटि सुधार कराने के एवज में एक ग्रामीण से 60 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। मामले की शिकायत ग्रामीण भानुप्रताप पटेल ने ACB से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को छाल तहसील कार्यालय में दबिश दी।कार्रवाई के दौरान ACB की टीम ने आरोपी तुलाराम पटेल को 60 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।फिलहाल ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।




















