

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल अकाउंट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में ऑनलाइन साइबर ठगी की 5 लाख 73 हजार 999 रुपये की रकम जमा होने का खुलासा हुआ है। मामले में थाना गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में साइबर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मुख्यालय तकनीकी सेवाएं नवा रायपुर से मिले निर्देश के बाद थाना गांधीनगर पुलिस ने आईडीबीआई बैंक के एक संदिग्ध खाते की जांच शुरू की।जांच में पता चला कि आईडीबीआई बैंक का खाता क्रमांक 0700104000343329 लक्ष्मण नागेश निवासी गुजरवार, अंबिकापुर के नाम पर संचालित था। इस खाते के खिलाफ गुजरात, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और तमिलनाडु सहित कई राज्यों से साइबर पुलिस पोर्टल पर ऑनलाइन ठगी की शिकायतें दर्ज थीं।पुलिस जांच में सामने आया कि खाते में कुल 5.73 लाख रुपये साइबर ठगी से जमा हुए थे। वहीं 21 सितंबर 2024 से 14 अक्टूबर 2024 के बीच इस खाते में करीब 33 लाख 15 हजार 10 रुपये का लेनदेन भी हुआ, जिसे बाद में अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपी लक्ष्मण नागेश ने बताया कि उसने ऑनलाइन गेमिंग में रकम के लेनदेन के लिए अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड और सिम किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दिया था। इसके बदले उसे 10 हजार रुपये नकद मिले थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिया है। इस मामले में थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 248/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक दिलीप दुबे सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।




















