

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के सामने चल रहे कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ने अब नया मोड़ ले लिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री T. S. Singh Deo ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि मंगलवार शाम 6 बजे तक उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
टीएस सिंह देव ने कहा कि मंगलवार को उनका सूर्यास्त तक उपवास रहता है और यदि तब तक पुलिस प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो वे इसे भूख हड़ताल में बदल देंगे। उन्होंने सूरजपुर पुलिस प्रशासन पर अड़ियल रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
दरअसल, सूरजपुर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर नगर पंचायत चुनाव के दौरान हुए विवाद के बाद आर्म्स एक्ट के तहत की गई कार्रवाई को निरस्त कराने की मांग को लेकर 25 मई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij सहित कांग्रेस पदाधिकारी विश्रामपुर थाना पहुंचे थे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने उनकी मांगों को अनसुना कर दिया, जिसके बाद थाने के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया गया।कांग्रेस नेताओं का यह भी आरोप है कि नरेंद्र जैन के घर पहुंचकर विवाद करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ कई बार मांग करने के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है।
बताया जा रहा है कि रात करीब 2:30 बजे तक टीएस सिंह देव धरना स्थल पर मौजूद रहे और मंगलवार सुबह 11 बजे से फिर धरने में शामिल हो गए। कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा है कि यदि प्रशासन का रवैया नहीं बदला, तो शाम 6 बजे से टीएस सिंह देव और दीपक बैज भूख हड़ताल शुरू करेंगे।




















