महाराष्ट्र : नांदेड़ जिले में हुई एक शादी इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। वजह महंगे इंतजाम या दिखावा नहीं, बल्कि समाज के लिए की गई अनोखी पहल है।नांदेड़ जिले के कंधार तालुका स्थित बहादरपुरा गांव के पेठकर परिवार ने अपने बेटे की शादी को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए ऐसा काम किया, जिसकी हर कोई सराहना कर रहा है।

शादी में दिया अनोखा तोहफा, 3500 लोगों का कराया बीमा
बहादरपुरा गांव के रहने वाले पेठकर परिवार ने अपने बेटे सिद्धेश्वर पेठकर और मंजुषा के विवाह समारोह के मौके पर पूरे गांव के 3500 लोगों का दुर्घटना बीमा कराने का फैसला लिया।परिवार का कहना है कि शादी सिर्फ निजी खुशी का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी माध्यम होना चाहिए।उनके इस फैसले से गांव में खुशी का माहौल है और लोग इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बता रहे हैं।

ग्रामीण बोले- पहली बार देखी ऐसी शादी
गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने पहली बार किसी शादी में ऐसा सामाजिक संदेश देखा है। जहां लोग लाखों रुपये दिखावे पर खर्च करते हैं, वहीं पेठकर परिवार ने लोगों की सुरक्षा और भविष्य को प्राथमिकता दी।ग्रामीणों ने परिवार के इस कदम की जमकर तारीफ की है।

दूल्हे के पिता बोले- मुश्किल समय में बीमा ही बनता है सहारा
दूल्हे के पिता का कहना है कि अचानक होने वाली दुर्घटनाएं कई परिवारों को आर्थिक संकट में डाल देती हैं। ऐसे समय में दुर्घटना बीमा ही सबसे बड़ा सहारा साबित होता है।इसी सोच के साथ उन्होंने विवाह समारोह को सामाजिक सुरक्षा अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया।

समाज को नई दिशा देने वाली बनी यह शादी
पेठकर परिवार की यह पहल अब आसपास के इलाकों में भी चर्चा का विषय बन गई है। लोग इसे एक ऐसी मिसाल बता रहे हैं, जो शादियों में फिजूल खर्च की बजाय समाज हित में सोचने की प्रेरणा देती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!