

लखनपुर/प्रिंस सोनी: लखनपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोरता में पदस्थ शिक्षिका पूर्णिमा मेहता को “क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले नेशनल बेस्ट टीचर अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें बालरक्षक प्रतिष्ठान द्वारा इंदौर (मध्यप्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय शैक्षिक संगोष्ठी एवं पुरस्कार समारोह में 20 मई को प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार एवं लेखक डॉ. योगेन्द्रनाथ शुक्ला, मध्यप्रदेश अशासकीय शिक्षण परिषद के अध्यक्ष सत्यनारायण सरवाड़िया तथा इंस्टिट्यूट ऑफ लॉ इंदौर की अडिशनल डायरेक्टर डॉ. बबीता कड़ाकिया विशेष रूप से मौजूद रहे।पूर्णिमा मेहता को यह सम्मान नवाचारी शिक्षण, बाल संरक्षण, नशामुक्ति अभियान एवं नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया। इंदौर में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में उन्होंने छत्तीसगढ़ी राजगीत, वंदे मातरम् एवं छत्तीसगढ़ महिमा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।देश के 17 राज्यों से पहुंचे करीब 150 शिक्षकों एवं अतिथियों ने “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” के नारों के साथ उनका सम्मान किया। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के अधिकारीगण, ग्रामवासी, विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं परिवारजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।





















