बलरामपुर:  कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व प्रकरणों, जनदर्शन, समय-सीमा के लंबित मामलों, पेयजल व्यवस्था सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने समितिवार खाद एवं बीज की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के लिए प्रेरित करने, नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने तथा जैविक विकल्पों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को नील-हरित काई के उपयोग एवं उसके लाभों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक उपायों को अपनाने से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होने के साथ उत्पादन लागत घटती है तथा मृदा की उर्वरता एवं दीर्घकालिक स्थिरता बनी रहती है।

कलेक्टर ने जिले में चावल भंडारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से पहुंच विहीन एवं दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न भंडारण एवं उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पेयजल व्यवस्था की समीक्षा कर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जहां कहीं भी पेयजल संबंधी समस्या उत्पन्न हो, उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े आवेदनों का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ निराकरण करें। जिससे लोगों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का त्वरित लाभ मिल सके।बैठक में समय-सीमा के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों एवं लंबित न्यायालयीन प्रकरणों में पालन प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत करने तथा उनका प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अविवादित नामांतरण, अविवादित बंटवारा, सीमांकन एवं अभिलेख सुधार के मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्वरित निराकरण करते हुए कार्यों में प्रगति लाने को कहा। उन्होंने भूमि आबंटन से संबंधित प्रकरणों का 15 दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनदर्शन, सीएम जनदर्शन एवं पीजी पोर्टल में प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण करने को कहा।

कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने सौर माह अंतर्गत पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों में भी योजना का लाभ पहुंचाने सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ  नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर  आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया, आर.एन. पाण्डेय,  अभिषेक गुप्ता,  प्रमोद गुप्ता, अनुविभागीय अधिकारी, जनपद पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!