

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणगढ़ में प्रेम संबंधों के चलते एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम लक्ष्मणगढ़ निवासी मुकेश सिरदार ने सोमवार रात अपने घर के मयार में साफे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मुकेश पहले से एक युवती के साथ संबंध में था। वहीं कुछ दिन पहले वह जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कंदराई से एक नाबालिग लड़की को भगाकर अपने साथ ले आया था।
सूत्रों के मुताबिक नाबालिग लड़की 10वीं कक्षा की छात्रा है। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियों से एक साथ संबंध बनाए रखने के कारण मुकेश मानसिक तनाव में चल रहा था। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आत्महत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।










