रायपुर : सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरापारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजधानी के भाठागांव बस स्टैंड क्षेत्र से पुलिस ने राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8.122 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है।

भाठागांव बस स्टैंड के पास ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 21 मई को टिकरापारा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित शुलभ शौचालय के पास दो संदिग्ध युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक बालेश्वर लहरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी में मिला 8 किलो से ज्यादा गांजा

पुलिस द्वारा की गई तलाशी में दोनों आरोपियों के पास से अलग-अलग पैकेटों में कुल 8.122 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान राजस्थान के टोंक जिले के निवासी दिलशेर खान और कसीम अली के रूप में बताई।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

नशे के नेटवर्क की अब होगी गहराई से जांच

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में टिकरापारा थाना पुलिस की अहम भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राजधानी रायपुर में सक्रिय इस गांजा तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

रायपुर में नशे के खिलाफ लगातार सख्ती

राजधानी में पिछले कुछ समय से पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है। भाठागांव बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में अंतर्राज्यीय तस्करों की सक्रियता सामने आने के बाद पुलिस की निगरानी और बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!