रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में इन दिनों बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बीच सामने आए बयानों ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही अटकलों के बीच दोनों नेताओं के बयान अब कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को खुलकर सामने ला रहे हैं।

‘दिल्ली में बड़ी भूमिका निभाएं सिंहदेव’ — दीपक बैज

हाल ही में एक इंटरव्यू में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि यदि पार्टी उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे इसके लिए तैयार हैं।सिंहदेव के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि टीएस सिंहदेव कांग्रेस के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं, इसलिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी भूमिका निभानी चाहिए।बैज ने कहा कि सिंहदेव कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य रह चुके हैं और तमिलनाडु तथा पुडुचेरी जैसे राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। ऐसे में पार्टी को उनके अनुभव का फायदा दिल्ली स्तर की राजनीति में लेना चाहिए।इसके साथ ही बैज ने यह भी कहा कि अब प्रदेश में युवाओं को आगे आने का अवसर मिलना चाहिए।

टीएस सिंहदेव बोले — अभी भी पूरी तरह सक्रिय हूं

दीपक बैज के बयान के बाद टीएस सिंहदेव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि यह बात किस सोच के तहत कही गई।सिंहदेव ने साफ कहा कि वे आज भी पूरी ऊर्जा और सक्रियता के साथ राजनीति में काम कर रहे हैं और छत्तीसगढ़ में रहकर जनता व संगठन के बीच अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं।उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।

हार-जीत का जिक्र कर दिया बड़ा संदेश

टीएस सिंहदेव ने बातचीत के दौरान चुनावी हार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में जीत और हार दोनों होती हैं।उन्होंने कहा कि वे खुद चुनाव हार चुके हैं और दीपक बैज भी हार का सामना कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कांग्रेस कई क्षेत्रों में अपनी सीटें नहीं बचा सकी और प्रदेश में दोबारा सरकार बनाने में भी सफल नहीं हुई।सिंहदेव ने कहा कि हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी संगठन और कार्यकर्ताओं को मजबूत करना होनी चाहिए।

भाजपा ने कहा — कांग्रेस में बढ़ रही अंदरूनी लड़ाई

कांग्रेस के भीतर चल रही इस बयानबाजी पर भाजपा ने भी हमला बोला है।कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ नेता टीएस सिंहदेव को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते।नेताम ने कहा कि कांग्रेस ने केवल सिंहदेव का इस्तेमाल किया और बाद में उन्हें किनारे कर दिया। साथ ही उन्होंने सिंहदेव को सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि पार्टी के भीतर ही उनके विरोधी मौजूद हैं।

प्रदेश कांग्रेस में बढ़ी सियासी हलचल

दो बड़े नेताओं के बीच सामने आई इस बयानबाजी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस की राजनीति को फिर गर्म कर दिया है। आने वाले दिनों में संगठनात्मक बदलाव और नेतृत्व को लेकर चर्चाएं और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!