

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, रायपुर द्वारा जिला सूरजपुर के नवगठित नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के आम निर्वाचन मई-जून 2026 हेतु समय-अनुसूची (कार्यक्रम) जारी कर दी गई है। जारी कार्यक्रम के अनुसार नवगठित नगर पंचायत शिवनन्दनपुर में 01 अध्यक्ष एवं 15 वार्डों के लिए 15 पार्षद पदों पर निर्वाचन होना है।नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के आम निर्वाचन 2026 के लिए दिनांक 11 मई 2026 से 18 मई 2026 तक न्यायालय उप तहसील पिलखा में नाम निर्देशन पत्र लिये गये। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (जांच) 19 मई 2026 दिन मंगलवार को पूर्वान्ह 10.30 बजे से की जायेगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 21 मई 2026 दिन गुरूवार अपरान्ह 3.00 बजे तक निर्धारित है। तत्पश्चात रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर प्रकाशन किया जायेगा एवं निर्वाचन प्रतीकों का आबंटन किया जायेगा।
कुल 4642 मतदाता, 15 मतदान केन्द्र निर्धारित:-
नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के सभी 15 वार्डों में निर्वाचन होना है, जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 2335 एवं महिला मतदाताओं की संख्या 2307 है। इस प्रकार कुल मतदाताओं की संख्या 4642 है। उक्त नगर पंचायत शिवनन्दनपुर में दिनांक 01 जून 2026 दिन सोमवार को प्रातः 08.00 बजे से सायं 5.00 बजे तक ई.व्ही.एम. के माध्यम से मतदान कराया जायेगा, जिसके लिए कुल 15 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं।
मतदान केन्द्रों का विवरण:-
निर्वाचन हेतु निर्धारित 15 मतदान केन्द्र क्रमशः - (01) शा.प्रा.शा. कन्या शिवनन्दनपुर, (02) अतिरिक्त कक्ष शा.प्रा.शा. बालक शिवनन्दनपुर, (03) शा.प्रा.शा. बालक शिवनन्दनपुर, (04) शा. पूर्व मा.शा. बालक शिवनन्दनपुर, (05) नगर पंचायत परिसर शिवनन्दनपुर, (06) आंगनबाड़ी केन्द्र भाथूपारा। शिवनन्दनपुर (बंचरपारा), (07) आंगनबाड़ी केन्द्र भाथूपारा।। शिवनन्दनपुर (शांतिनगर), (08) सामुदायिक भवन शांतिनगर, (09) शा.कन्या उ.मा.वि. बिश्रामपुर कक्ष क्र. 16, (10) शा.कन्या उ.मा.वि. बिश्रामपुर कक्ष क्र. 22, (11) शा.कन्या उ.मा.वि. बिश्रामपुर कक्ष क्र. 26, (12) आंगनबाड़ी केन्द्र शांतिनगर-01 शिवनन्दनपुर, (13) मॉडल आंगनबाड़ी केन्द्र तलवापारा-01 शिवनन्दनपुर, (14) शा.कन्या उ.मा.वि. बिश्रामपुर कक्ष क्र. 30 एवं (15) शा.कन्या उ.मा.वि. बिश्रामपुर कक्ष क्र. 31 सम्मिलित हैं।
04 जून को होगी मतगणना:-
नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के नगर पंचायत अध्यक्ष एवं सभी 15 वार्डों के पार्षदों के लिए दिनांक 01 जून 2026 को होने वाले मतदान के मतों की गणना दिनांक 04 जून 2026 दिन गुरूवार को प्रातः 09.00 बजे से शासकीय (कन्या) उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (आजाक) बिश्रामपुर में सम्पन्न होगी।





















