

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते हुई गंभीर मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी लल्ला यादव निगरानी बदमाश बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हर्षित चक्रवर्ती निवासी डिगमा नेहरूनगर ने 10 जनवरी 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि मेडिकल कॉलेज चौक बिसुनपुर के पास कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई थी। मामले में पुलिस ने पहले ही आरोपी वितीत बोस, शिवम मिश्रा उर्फ देवेंद्र, आयुष जायसवाल और आर्यन ढाली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
घटना के बाद से फरार चल रहा आरोपी लल्ला यादव लगातार पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। गांधीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चैपाटी के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं और उसकी गतिविधियों को देखते हुए जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी थी। इसके बावजूद वह क्षेत्र में सक्रिय था।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर, अभिषेक दुबे और आरक्षक कुंदन पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















